लूटपाट के विरोध पर सराफ सहित दो को मारी गोली
कोतवाली देहात। बाइक सवार दो बदमाशों ने दुकान बंद करके लौट रहे सराफ से लूटपाट की कोशिश की। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार ने साहस दिखाया, जिसके चलते बदमाश लूटपाट तो नहीं कर पाए, लेकिन दोनों को गोली मारकर घायल कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में काबिंग और चेकिंग की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा है।
घायल सराफ भोलेनाथ वर्मा (44) पुत्र रामशरण वर्मा थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव शादीपुर के रहने वाले है। उनकी बरूकी में दुकान है। भोलेनाथ वर्मा रविवार शाम लगभग साढे़ पांच बजे अपने प्रतिष्ठान को बंद कर बाइक से घर आ रहे थे, इस दौरान गांव मालीवाला के मोड़ के पास पीछे से अपाचे बाइक से आए दो बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने सराफ की कनपटी पर तमंचा रखकर लूटपाट करने की कोशिश की, तभी कोतवाली देहात की ओर से आ रहे गांव फरीदपुर मान उर्फ पमड़ावली निवासी अमित कुमार ने उन्हें बचाने का प्रयास किया और बदमाशों को ललकारा। इसी दौरान बदमाशों ने तमंचे से फायर कर दिया। जिससे भोलेनाथ वर्मा और अमित कुमार घायल हो गया। घटना के बाद बदमाश कोतवाली देहात की ओर फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश में क्षेत्र में कांबिंग की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात सुनील कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है, शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा।