बिजनौर, कोतवाली देहात। कस्बे में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिना पंजीकरण चल रहे अस्पतालों पर छापामारी की। कार्रवाई करते हुए टीम ने बिना पंजीकरण चल रहे दो अस्पताल सील कर दिए। अस्पताल में कोई प्रशिक्षित चिकित्सक भी नहीं मिला।
शुक्रवार को नगीना तहसील के नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद देशवाल ने शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली देहात के सामने स्थित रायल क्लीनिक पर छापा मारा। इस दौरान कोई चिकित्सक भी नहीं मिला। वहीं, उपस्थित स्टाफ कोई भी प्रमाण पत्र नहीं दिखा पाया। इसके बाद टीम ने नवजीवन हाॅस्पिटल पर छापेमारी की। वहां भी कोई चिकित्सक उपस्थित नहीं मिला।
नोडल अधिकारी ने हाॅस्पिटल में पड़े बेड और ओटी आदि की वीडियोग्राफी भी कराई। अस्पताल में दो युवती उपस्थित मिलीं। नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद देशवाल ने बताया कि बिना पंजीकरण चल रहे क्लीनिक पर कार्रवाई करते हुए सील कर दिया है। साथ ही चिकित्सक को नोटिस जारी किया है। अगर वह कागज नहीं दिखाते हैं तो चिकित्सक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।