बिजनौर में डीएम के निर्देश पर जिले में शीतलहर के चलते नर्सरी से कक्षा नौ तक के स्कूलों में 16 और 17 जनवरी को भी दो दिन का अवकाश कर दिया गया है। पाला पड़ने से मौसम ठंड़ा है। सर्द हवाएं परेशान कर रही हैं। ऐसे में छुट्टियां बढ़ाई गई हैं। बता दें कि पिछले एक सप्ताह से कक्षा एक से लेकर नौ तक के छात्र-छात्राओं का अवकाश चल रहा है।
रविवार को डीआईओएस डॉ. अरूण कुमार दुबे ने बताया कि डीएम के निर्देश पर बढ़ी ठंड को देखते हुए दो दिन का अवकाश और बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि स्कूलों के शिक्षक अपने विद्यालयों में रहेंगे तथा निर्वाचन संबंधी कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों व शिक्षकों को डीएम के निर्देश का पालन करने को कहा है। उधर, पाले की मार अब आलू की फसल पर भी पड़ने लगी है। किसानों का कहना है कि आलू की पत्तियां पाले से झुलसनी शुरू हो गई हैं। किसान रवींद्र प्रताप सिंह, हुकम सिंह नरेंद्र सिंह ने बताया कि पाला पड़ने से आलू के साथ हरि सब्जियों की फसल पर भी पाले का असर दिखाई दे रहा है। हरी सब्जियों की पत्तियां भी पीली होनी शुरू हो गई है। लगातार कई दिनों तक पाला पड़ा तो किसानों को काफी नुकसान हो जाएगा।