Bijnor News : गन्ने के खेत में छिलाई करते समय मजदूरों को गुलदार के दो शावक मिले। वहीं, मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शावकों को खेत में ही छुड़वा दिया।
बिजनौर जनपद में नहटौर क्षेत्र के गांव दामनगर के जंगल में गन्ने के खेत में छिलाई करते समय गुलदार के दो शावक मिले। वहीं, सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने दोनों शावकों को गन्ने के खेत में ही छुड़वाया।
विज्ञापन
पैजनिया रोड स्थित ग्राम मिमल मुस्तफाबाद निवासी ग्राम प्रधान अशोक अहलावत के खेत गांव दामनगर की सरहद में है। शुक्रवार की दोपहर उनके खेतों में मजदूर गन्ना छिलाई का कार्य कर रहे थे। गन्ना छिलाई करते समय मजदूरों को खेत में गुलदार के दो शावक दिखाई दिए। मजदूरों ने इसकी सूचना किसान को दी।
वहीं, मौके पर ग्राम प्रधान अशोक अहलावत और भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष लोकेंद्र चौधरी पहुंचे। उन्होंने वन विभाग को खेत में गुलदार के शावक होने की सूचना दी। वन विभाग के दरोगा विजय बहादुर सिंह ने बताया कि गांव में वन विभाग की टीम को भेजा गया है। गुलदार के शावकों को खेत में ही छोड़ा जाएगा। जिससे कि मादा गुलदार रात्रि में उन्हें अपने साथ ले जाए।