धामपुर (बिजनौर)। क्षेत्र के गांव कुंडीपुरा में शुक्रवार देर शाम एक किसान के जंगल में स्थित बोरिंग के कुएं में गुलदार के दो शावक मृत पाए गए थे। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच दोनों शावकों के शवों कर पोस्टमार्टम कराया और फिर बाद में दोनों के अवशेषों को आग में जलाकर नष्ट कर दिया।
गौरतलब है कि शनिवार को क्षेत्र के गांव कुंडीपुरा में एक किसान के खेत में स्थित कुएं से दो शावक मृत अवस्था में बरामद हुए थे। इनकी आयु करीब दो-तीन माह की होगी। इनमें एक नर और मादा शावक था। सूचना पर वन विभाग के रेंजर ने टीम के साथ मौके पर जाकर दोनों के शवों को कब्जे में लेकर रेंजर कार्यालय ले गए। जहां पर शनिवार को डाक्टरों के पैनल ने दोनों का पोस्टमार्टम किया। बताया गया कि पीएम होने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने डाक्टरों के पैनल के सहयोग से उनके अवशेषों को जला कर नष्ट कर दिया।
रेंजर गोविंद राम गंगवार का कहना है कि दोनों शावक आपस में खेलते हुए कुएं में गिरे हैं। कुएं में अधिक पानी और कड़ाके की ठंड के कारण दोनों की मौत हो गई। उन्होंने लोगों को सचेत किया कि मादा गुलदार दोनों बच्चों को खोजने के लिए आक्रामक हो सकती है। विभाग की ओर से गुलदार को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।