फीना में बुखार से दो बालकों की मौत
शिवाला कलां/बिजनौर। जिले में वायरल का प्रकोप बढ़ रहा है। फीना में रविवार देर रात सातवीं कक्षा के बालकों की मौत हो गई। उनकी प्लेटलेट्स लगातार घट रही थी। गांव में भी 100 से ज्यादा लोग बीमार बताए जा रहे हैं। वहीं ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग पर गांव की कोई सुध न लेने का आरोप लगाया।
क्षेत्र के गांव फीना निवासी रविंद्र कुमार शर्मा का पुत्र अभिषेक शर्मा (12)एआरवी स्कूल में कक्षा सात का छात्र था, जिसको तीन दिन पहले बुखार आया। परिजनों ने उपचार के लिए छात्र को निजी चिकित्सालय मुरादाबाद भर्ती कराया। जहां छात्र की हालत में कोई सुधार नहीं होने पर परिजन उपचार के लिए उसको दिल्ली ले गए। दिल्ली में इलाज के दौरान रविवार की रात में अभिषेक की मौत हो गई।
वहीं गांव के दलजीत सिंह प्रजापति का पुत्र ललित कुमार (13) गायत्री पब्लिक स्कूल में कक्षा सात का छात्र था। उसको दो दिन पहले बुखार आया था। परिजनों छात्र का गांव में ही निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया। हालत में सुधार न होने पर परिजन छात्र को उपचार के लिए निजी चिकित्सालय नूरपुर ले गए। जिसके बाद इलाज के दौरान ललित कुमार की भी रविवार रात को मौत हो गई। दो छात्रों की बुखार से मौत के बाद सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने लगाया सफाई और दवाई का छिड़काव न करने का आरोप
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग पर चैन की नींद सोने का आरोप लगाया। साथ ही पंचायत विभाग पर गांव में सफाई और दवाई का छिड़काव नहीं होने का आरोप लगाया है। गांव में अधिकांश घरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण बुखार की बीमारी की चपेट में चल रहे हैं। जिसके चलते ग्रामीणों ने संक्रमित बीमारी से बचने के लिए गांव में सफाई और दवाई का छिड़काव कराने की मांग की। वहीं दो छात्रों की मौत की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
जिला अस्पताल में भी वायरल फीवर के ज्यादा मरीज
जिला अस्पताल में वायरल बुखार के मरीजों की काफी भीड़ है। अस्पताल में मरीजों के लिए बेड की भी व्यवस्था नहीं है। जिला अस्पताल में फिजीशियन रोजाना 300 से ज्यादा वायरल फीवर से ग्रसित मरीजों का इलाज कर रहे हैं। वहीं मरीजों में डेंगू के लक्षण दिखाई देते हैं। मगर जांच कराने पर रिपोर्ट निगेटिव आ रही है। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों में इस समय वायरल फीवर का प्रकोप बढ़ रहा है।
निजी चिकित्सकों के पास मरीजों की भीड़
गांव फीना में 100 से अधिक परिवार बुखार की चपेट में है। रविवार की रात में उपचार के चलते सातवीं कक्षा के दो छात्रों की मौत हुई है। वहीं दर्जन से अधिक मरीज हायर सेंटर पर उपचार करा रहे हैं। निजी चिकित्सकों के यहां मरीजों की भीड़ लगी हुई है। निजी चिकित्सकों का कहना है कि मरीजों की खून की जांच कराने पर वायरल फीवर आता है और जांच में ब्लड में प्लेटे कम आती है।
अभिषेक को पहले से ही अग्निशाय की बीमारी थी। वहीं दूसरे छात्र की मौत में अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं गांव फीना में चिकित्सा शिविर लगाया है। साथ ही साफ-सफाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
- डॉ. देवीदास, डिप्टी सीएमओ
मृतक अभिषेक शर्मा।- फोटो : BIJNOR