अफजलगढ़ में हाइवे पर सेंटमेरी स्कूल से आगे एक वैंक्वेट हॉल के निकट स्विफ्ट और टाटा सूमो कार की टक्कर हो गई। जिसमें स्वीफ्ट कार सवार दो महिलाओं सहित पांच व्यक्ति घायल हो गए।
द्वारिकेश चीनी मिल मंदिर में रहने वाले पुजारी सनातन त्रिपाठी के परिवार के सदस्य उनके पिता का उपचार कराने के लिए कार से धामपुर जा रहे थे। इसी दौरान गांव भज्जावाला के समीप पहुंचते ही विपरीत दिशा से आ रही टाटा सूमो ने उनकी कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि कार सवार सनातन त्रिपाठी के पिता रामदेव त्रिपाठी, पत्नी आशा देवी, पुत्र शुशांत, पुत्री अनामिका, कार चालक नन्हे उर्फ ननवा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों की मदद से इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि उत्तर प्रदेश सरकार लिखी टाटा सूमो को गांव कासमपुरगढ़ी में तैनात खंड विकास अधिकारी स्वयं चला रहे थे। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार बीडीओ और अन्य कर्मचारी वाहन को छोड़कर भाग गए। पीड़ितों की ओर से अभी घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है।
वहीं, नगीना के गांव काजी गोपीवाला निवासी मोहम्मद राशिद बुधवार शाम घरेलू काम से नगीना आया था। करीब आठ बजे घर जाने के लिए नगीना-रायपुर बस स्टैंड के पास वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान नगीना की ओर से आ रहे वाहन की चपेट में आकर वो गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नगीना सीएचसी पर उपचार के लिए लाया गया। यहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद बिजनौर रेफर कर दिया गया।
चांदपुर के अधिवक्ता डिगेंद्र सिंह सड़क पार करते हुए कार की चपेट में आने से घायल हो गए। घायल को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में लाया गया। कार बिजनौर की ओर से आ रही थी। । वकीलों ने कार चालक को पकड़ लिया। कार चालक एक कृषि वैैैज्ञानिक बताया जा रहा है। बाद में समझौता होने पर कार चालक को छोड़ दिया गया।
हादसे में डीसीएम चालक और हेल्पर घायल
अफजलगढ़ में नेशनल हाइवे पर माननगर की पुलिया के समीप बुधवार रात किसी वाहन की टक्कर से डीसीएम चालक और हेल्पर घायल हो गए। जिन्हें निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। मुजफ्फरनगर निवासी डीसीएम चालक संजय कुमार ने बताया कि वह डीसीएम में सूखे आंवले की पेटियां लेकर काशीपुर जा रहा था। जैसे ही वह माननगर की पुलिया के समीप पहुंचा, तो अफजलगढ़ की ओर से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने डीसीएम में टक्कर मार दी। जिससे वह और मुजफ्फरनगर निवासी हेल्पर सलमान घायल हो गए। ग्रामीणों ने निजी चिकित्सक के यहां उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया। हादसे के दौरान मार्ग पर दोनों ओर वाहनों का जाम लग गया। पुलिस ने रूट डायवर्ट कराने के बाद जाम को खुलवाया।