सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत
चांदपुर(बिजनौर)। चांदपुर-नूरपुर मार्ग पर गांव हीमपुर बुजुर्ग के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी स्याऊ पहुंचाया गया। वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
मंगलवार रात नूरपुर के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी सुल्तान 22 वर्ष पुत्र चुन्नू, सारिक 23 वर्ष पुत्र नईम अहमद व फैजान पुत्र नसीम अहमद बाइक से चांदपुर की ओर आ रहे थे। चांदपुर-नूरपुर मार्ग पर गांव हीमपुर बुजुर्ग पहुंचने पर पीछे से आ रहे ट्रक की बाइक में टक्कर लग गई, जिससे बाइक सवार सुल्तान व सारिक की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक सवार फैजान गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी स्याऊ भिजवाया। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मोर्चरी में भेज दिया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस फोर्स मौजूद है।