हल्दौर/बिजनौर। गांव खारी में इस्लामुद्दीन (40) की गोली मारकर हत्या करने में शामिल रहे दो आरोपियों का पुलिस ने बुधवार को चालान कर दिया। इन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां उसे उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।
सोमवार की शाम गांव ही मुस्तफा अपने संग इस्लामुद्दीन को बेल्डिंग का काम कराने के बहाने घर से बुलाकर ले गया। रात करीब एक बजे गौसपुर गांव के जंगल की एक चकरोड में इस्लामुद्दीन का शव पड़ा मिला। शव के पास ही एक देशी बंदूक भी रखी मिली। गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपियों ने शव के पास ही देशी बंदूक भी रख दी थी ताकि आत्महत्या किया जाना जाहिर हो सके। उधर पुलिस की जांच में सामने आया कि किसी दूसरे तमंचे से गोली मारी गई है। मृतक के भाई की ओर से गांव खारी के ही मुस्तफा, इसरार और अतीक के खिलाफ हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि सात लाख रुपये के लेनदेन के विवाद में गोली मारकर हत्या की है।
हल्दौर पुलिस ने गांव खारी के रहने वाले आरोपी इसरार उर्फ और अतीक उर्फ अतीउर्रहमान से पूछताछ करने के बाद चालान कर दिया। पुलिस के अनुसार मुस्तफा पर इस्लामुद्दीन के प्लॉट के सात लाख रुपये बकाया था। इस्लामुद्दीन पैसा देने के लिए मुस्तफा से तकादा करता था। कई अन्य लोगों के सामने भी इस्लामुद्दीन पैसे मांग चुका था, जिसे लेकर मुस्तफा अपमानित महसूस करने लगा था।
सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि आरोपी अतीक और इसरार का चालान कर दिया गया है जबकि मुस्तफा की तलाश की जा रही है। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त एक तमंचा, एक कारतूस और एक खोाखा कारतूस बरामद किया है।