स्योहारा (बिजनौर)। असली रुपये के बदले दो गुना नकली नोट देने वाले गिरोह के दो सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पुलिस को उनके पास से दो लाख साठ हजार रुपये के नकली नोट भी मिले है। पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है। दो साथी पुलिस क़ो चकमा देकर फरार हो गए हैं।
रविवार को गस्त के दौरान स्योहारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के गांव लालपुर गौसाई निवासी राशिद व शेरपुर निवासी संतोष गिरी को मुरादाबाद रोड के निकट गैस एजेंसी के पास से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों के पास से दो लाख साठ हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी ने बताया कि ये गिरोह भोले भाले व्यक्तियों को असली रुपये के बदले दो गुना नकली नोट देते थे। इस गिरोह में अन्य कई युवक भी शामिल हैं। मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि मुरादाबाद रोड स्थित गैस एजेंसी के पास चार युवक किसी व्यक्ति को असली नोट लेकर नकली नोट देने की फिराक में हैं। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो फरार हो गए। थाना प्रभारी राजीव चौधरी ने बताया कि दोनों युवकों के पास से दो लाख साठ हजार रुपये भी बरामद हुए हैं।
- ऐसे करते थे ठगी
नकली नोट बेचने वाले गिरोह के सदस्य भोले भाले लोगों को अपना शिकार बनाते थे। पहली मुलाकात में गिरोह के सदस्य दो तीन हजार असली रुपये के बदले दो गुना असली ही रुपये नकली नोट बता कर बाजार में चलाने के लिए देते थे। असली नोट होने के कारण बाजार में आसानी से चलने के कारण रुपए लेने वाले व्यक्ति का लालच बढ़ जाता था। अगली बार वह व्यक्ति लालच में आकर लाखों रुपये की मांग करता था। जिसके बदले गिरोह के सदस्य नोटों की गड्डी के ऊपर व नीचे असली नोट व बीच में नकली नोट रख कर देते थे।