बिजनौर। गांव घनुवाला में पिछले कई दिनों से चल रहे धर्म परिवर्तन के विवाद में पुलिस ने दो भाइयों विनोद और मोहन को गिरफ्तार किया है। उन पर लोगों को लालच देकर ईसाई धर्म में शामिल कराने के प्रयास का आरोप है। बृृहस्पतिवार सुबह गांव घनुवाला में एक खेत में क्रूसीफिक्स लगा देख बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया था। जांच में सामने आया था कि मोहन, विनोद और दिनेश ने काफी समय पहले ईसाई धर्म अपना लिया था। 25 दिसंबर को तीनों भाइयों ने ठेके पर लिए गए घर के बराबर वाले खेत में टैंट लगाकर ईसाई धर्म से संबंधित कार्यक्रम किया। लोगों का आरोप था कि तीनों भाई अन्य लोगों को भी ईसाई धर्म में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मामले में गांव के ही नरेंद्र की ओर से मोहन, विनोद और दिनेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराइ गई थी। सीओ सिटी संग्राम सिंह ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की।