बिजनौर, नजीबाबाद। घने कोहरे के चलते सड़क और रेल यातायात प्रभावित है। जलालाबाद क्षेत्र में गन्ने से भरा ट्रक घने कोहरे में अनियंत्रित होकर पलट गया।
शीतलहर के बढ़ते प्रकोप के चलते शाम ढलते ही घना कोहरा आकाश से उतरने से जन-जीवन प्रभावित हो गया है। बुधवार की देर रात घने कोहरे ने सड़क यातायात घंटों बाधित रखा। कोहरे के चलते लंबी दूरी के वाहन हाइवे पर काफी देर तक खड़े रहे। जलालाबाद के देव फिलिंग स्टेशन के निकट कोहरे के कारण गन्ना से भरा ट्रक पलट गया। चालक के मामूली चोटें आईं। कोहरे के कारण यात्री गाड़ियां विलंब से चल रहीं हैं। अमृतसर से कोलकाता जाने वाले सियालदाह एक्सप्रेस ढाई घंटा विलंब से पहुंची। उधर, सूबेदारगंज से देहरादून के बीच चलने वाली लिंक एक्सप्रेस करीब तीन घंटा विलंब से चलने के कारण शीत में ठिठुर रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सवेरे चलने वाली अधिकांश ट्रेनें एक से दो घंटा विलंब से संचालित होने से रेल यातायात प्रभावित रहा।
उधर, परिवहन व्यवस्था पर भी कोहरे का असर पड़ा है। शाम ढलने के बाद सवेरे तक घना कोहरा सड़कों पर उतरने से रोडवेज बस और भारी वाहनों की गति थम जाती है। बुधवार की देर रात मेरठ-पौड़ी और कोतवाली हरिद्वार मार्ग पर घना कोहरा छाने से सैकड़ों वाहन जहां तहां कोहरा छंटने के इंतजार में खड़े रहे।