- हरिद्वार के कांवड़ लेने जा रहे थे बरेली के कांवड़िये
संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़ (बिजनौर)। राष्ट्रीय राजमार्ग सीओ ऑफिस के समीप हरिद्वार से जल लेने जा रहे कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए घायलों को उपचार के लिए सीएससी में भर्ती कराया गया। दुर्घटना में ट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए वहीं ट्रक भी सड़क किनारे गड्ढे में जा उतरा।
बरेली क्षेत्र के 20 शिवभक्तों का एक जत्था ट्रैक्टर-ट्राली से हरिद्वार से कांवड़ लाने के लिए जा रहे थे। जैसे ही सुबह साढ़े चार बजे ट्रैक्टर-ट्राॅली सीओ ऑफिस से थोड़ा आगे निकली वनवे होने के कारण सामने की दिशा से तेज गति से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रैक्टर में सवार चंद्रपाल पुत्र रामसरूप निवासी मानपुर शीशगंढ़, रूपेंद्र सिंह पुत्र गिरेंद्र सिंह निवासी मसवासी शीशगढ़, वीरेंद्र पाल पुत्र नत्थू लाल उम्र निवासी मसवासी व राहुल पुत्र वीरेंद्र निवासी मसवासी थाना शीशगढ़ जिला बरेली घायल हो गए। सभी घायलों को राहगीरों की मदद से उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
जहां से चंद्रपाल व वीरेंद्र पाल को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य कावंड़िये शुगर मिल में ठहरे हैं। स्थानीय पुलिस के सहयोग से ट्रैक्टर की व्यवस्था कराई गई। जिसके बाद कावंड़िये हरिद्वार के लिए रवाना होंगें। वहीं, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर दो टुकड़ों में बंट गया। ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसा। थानाध्यक्ष हम्बीर सिंह ने बताया कि कावंडियों की तहरीर पर ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।