धामपुर में आरएसएम तिराहा के निकट डिवाइडर पर चढ़ा ट्रक स्रोत स्थानीय नागरिक
- फोटो : samvad
धामपुर। शेरकोट मार्ग पर दुर्गा विहार बाईपास से राजपूताना रिजॉर्ट तक बनाया जा रहा डिवाइडर दुर्घटनाओं का सबब बना हुआ है। निर्माणाधीन डिवाइडर पर पर्याप्त संकेतक और रिफ्लेक्टर न लगे होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। शुक्रवार को शेरकोट की ओर से आ रहा एक ट्रक आरएसएस तिराहे के निकट अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इस दौरान ट्रक का डीजल टैंक क्षतिग्रस्त होने से डीजल सड़क पर फैल गया। सड़क पर डीजल फैलने से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के दोनों ओर बेरिकेडिंग लगवाई।
स्थानीय निवासी दुर्गेश, बिट्टू, प्रेम कुमार आदि का कहना है कि कुमार लोक निर्माण विभाग में डिवाइडर पर जगह-जगह कट छोड़ दिए हैं और मौके पर पर्याप्त संकेतक और रिफ्लेक्टर भी नहीं लगाए गए हैं, जिससे आए दिन वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। एसडीएम नितिन कुमार का कहना है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। निर्माणाधीन डिवाइडर और छोड़े गए कट के आसपास पर्याप्त संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाए जाए अधिकारियों को शीघ्र ही डिवाइडर निर्माण का कार्य पूर्ण करने को निर्देशित किया गया है।