रोडवेज को हुए नुकसान की भरपाई करेंगे उपद्रवी
नहटौर। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हुए उपद्रव में पथराव एवं आगजनी के अलावा रोडवेज बसों के रूट डायवर्जन में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की आय में हुई हानि की भरपाई उपद्रवियों से ही की जाएगी। अब तीनों मुकदमों में 20 लाख 95 हजार रुपये की वसूली होगी। परिवहन निगम के एआरएम ने राजस्व हानि के बारे में पत्र देकर अवगत कराया गया।
20 दिसंबर को जुमे की नमाज के बाद नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के नाम पर उपद्रवी सड़कों पर उतर आए थे। नया बाजार और एजेंसी चौराहे आदि स्थानों पर पथराव तथा आगजनी हुई थी। इसमें सुलेमान व अनस की मौत हो गई थी, जबकि सलमान, ओमराज सैनी, कफील आदि के अलावा कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपद्रवियों ने पथराव एवं आगजनी कर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था। पुलिस ने इस मामले में तीन मुकदमे दर्ज किए थे। जिसमें 39 नामजद और 22 अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दस को पकड़ा भी था। पुलिस के मुताबिक पहले मुकदमे में पुलिस की दो जीप जिनकी कीमत 12 लाख 90 हजार रुपये और दूसरे मुकदमे में वाहनों को क्षतिग्रस्त करने पर 25 हजार रुपये तथा तीसरे मुकदमे में थाने के बाहर मुकदमे में एक वैगनआर कार, एक बाइक तथा अन्य संपत्ति आदि को क्षतिग्रस्त किया गया था। इसकी कीमत छह लाख 30 हजार आंकी गई थी। इसके अलावा रोडवेज बसों के रूट डायवर्जन में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम पर पड़े अतिरिक्त भार करीब डेढ़ लाख रुपये सहित लगभग 20 लाख 95 हजार रुपये के नुकसान का आंकलन किया गया है। इस मामले में परिवहन निगम के अधिकारियों ने इस दौरान करीब डेढ़ लाख रुपये का रूट डायवर्जन के कारण नुकसान होना बताया था। इसकी भरपाई के लिए पुलिस ने 39 नामजदों में से 11 के घरों पर नोटिस चस्पा भी किया है। नोटिस में दस जनवरी को न्यायालय अपर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष जवाब दाखिल करने के लिए कहा गया है। पुलिस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह का कहना है कि रोडवेज के रूट डायवर्जन में हुए राजस्व हानि की भी वसूली होगी।