धामपुर में मुरादाबाद मार्ग पर आंधी से उखड़ कर गिरा पेड़।
- फोटो : DHAMPUR
आंधी में हाईवे पर टूटकर गिरे पेड़
धामपुर। रविवार को अचानक मौसक बिगड़ गया। आसमान में काली घटा के छाने से दिन में अंधेरा छा गया। आंधी के साथ तेज बारिश हुई। खेतों में काम कर किसानों में भगदड़ मच गई। स्टेट हाईवे पर कई स्थानों पर पेड़ टूटकर गिर गए। जिसके कारण मुरादाबाद मार्ग कई घंटे तक बाधित रहा। बिजली के खंभे और तारों के टूटने से 30 से ज्यादा गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। किसान भारत भूषण शर्मा का कहना है कि वह रविवार को खेतों में कटे गेहूं की गहाई की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान मौसम खराब हो गया। जिससे उनकी 12 बीघा गेहूं फसल बारिश में भीग कर बर्बाद हो गई। बलराम सिंह ने बताया कि बारिश होने से खेतों में पानी भर गया, जिससे गेहूं की गहाई और गन्ने की छिलाई का काम रुक गया। बाग की रखवाली कर रहे अशोक कुमार फीना ने बताया कि आंधी से आम की फसल को भारी नुकसान हुआ है। एसडीएम धीरेंद्र सिंह का कहना है कि लेखपालों को किसानों के नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।