-रोडवेज बस अड्डे पर बनाया गया कंट्रोल रूम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। कांवड़ यात्रा को लेकर परिवहन निगम ने अपनी पूरी तैयारी कर ली है। शिवभक्ताें की भीड़ बढ़ने पर बसों को हरिद्वार भेजा जाएगा। साथ ही कांवड़ यात्रा की वजह से बस अड्डे पर कंट्रोल भी बनाया गया है।
बिजनौर डिपो से हरिद्वार के लिए फिलहाल 12 बसों का संचालन किया जा रहा है। ऐसे में 22 जुलाई से श्रावण मास शुरू हो रहा है। जिसके चलते हरिद्वार जाने के लिए शिवभक्तों की भारी भीड़ रहेगी। इसी को लेकर परिवहन विभाग ने तैयारी कर ली है। कुछ बसों को हरिद्वार मार्ग पर भेजने के लिए चिन्हित कर लिया है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बस भेजी जाएंगी।
उधर, बस अड्डे पर कंट्रोल रूम बना दिया गया है, जो कांवड़ यात्रा शुरू होने से समाप्त होने तक 24 घंटे क्रियाशील रहेगा। साथ ही कंट्रोल रूम पंजिका व्यवस्थित की जाएगी। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर पूरी तैयारी है। किसी भी यात्री को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। आवश्यकता अनुसार हरिद्वार के लिए बस भेजेंगे।