बिजनौर। लोकसभा चुनाव कराने के लिए पुलिस प्रशासन तैयारियों में जुट चुका है। इसी क्रम में सेक्टर अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें अपने अपने सेक्टर के बूथों का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण बिंदुओं के आधार पर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। उधर गैरहाजिर रहे आठ सेक्टर अधिकारियों को नोटिस जारी कर दिए गए।
मंगलवार को सेंट मैरी स्कूल के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन विनय कुमार ने कहा कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के चलते अपने-अपने सेक्टर का भ्रमण कर लें। भ्रमण के दौरान मतदेय स्थलों का निरीक्षण और सेक्टर के भ्रमण के आधार पर वलनेरेबिलिटी मैपिंग की जाए। मैपिंग की सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कहा गया कि मतदेय स्थलों पर उपलब्ध न्यूनतम मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जांच की जाए। यह निर्देश दिए गए कि आपको अपने सेक्टर के बारे में बेहतर तरीके से समझ विकसित करनी है। सेक्टर में सबसे दूर वाले दो मतदेय स्थलों के बीच एक जगह से दूसरी जगह जाने में कितना समय लग रहा है, इसके बारे में भी आकलन करना है। इसके अलावा बूथ के बीच भ्रमण के जितने वैकल्पिक मार्ग हो सकते हैं उनके बारे में भी जानकारी रखनी है।
साथ ही सभी तरह के सिविल सोसाइटी के लोगों, जन प्रतिनिधियों, सरकारी कर्मचारियों से वार्ता करते हुए आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप वलनेरेबिलिटी मैपिंग के कार्य करना है। जिसकी रिपोर्ट संबंधित एडीएम को मुहैया करानी है। बता दें कि चुनाव को लेकर जिले में कुल 298 सेक्टर अधिकारी और 298 सेक्टर पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। जिनमें से 8 सेक्टर अधिकारी्र अनुपस्थित रहे। जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।