बिजनाैर, स्योहारा। जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. अनिल कुमार सिंह द्वारा चिकित्सा अधिकारियों को दिए गए प्रशिक्षण के क्रम में कुष्ठ रोग खोजी अभियान का प्रशिक्षण सभी स्वास्थ्य कर्मियों को सीएचसी स्योहारा पर दिया गया।
सीएचसी प्रभारी डाॅ. बीके स्नेही ने बताया कि कुष्ठ रोग खोजी अभियान 24 फरवरी से 10 मार्च तक चलाया जाएगा। यह कार्यक्रम साल में दो बार छह माह के अंतर पर पल्स पोलियो कार्यक्रम की तरह ही चलाया जाएगा। जिसमें टीमें घर-घर जाकर के कुष्ठ रोग के रोगियों को खोजेंगी और कुष्ठ रोगी होने पर उनका निशुल्क इलाज एमडीटी दवाओं द्वारा निःशुल्क कराया जाएगा।
डॉक्टर स्नेही ने बताया कि कुष्ठ रोग बहुत ही कम संक्रामक रोग हैं जो एक बैक्टीरिया एक जीवाणु माइक्रोबैक्टेरियम लेपराई द्वारा फैलने वाला रोग है। ये मुख्य रूप से चमड़ी और तंत्रिकाओं को प्रभावित करता है। कुष्ठ का उपचार एमडीटी दवाओं से होता है।
कुष्ठ रोग के मुख्य लक्षण शरीर पर सुन्न दाग, हथेली या पैरों के तलवे में सुन्नता, नसों में सूजन मोटापन या दर्द, हाथ, पैर,आंख में कमजोरी, विकृति, घाव जिसमें दर्द न हो, चेहरे शरीर या कान पर गांठें, छाले, घाव आदि हैं। इस दौरान डॉ. राकेश कुमार, एचएस वीर सिंह, राजेश कुमार, योगेश कुमार हरीश कुमार आदि भी उपस्थित रहे।