नजीबाबाद। माैसम की मार के चलते लंबी दूरी की ट्रेनें लगातार विलंब से संचालित हो रही हैं। यात्रियों को घंटों तक ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है। राजगीर बिहार से हरिद्वार के बीच संचालित ट्रेन शनिवार को 16 घंटा विलंब से नजीबाबाद पहुंची।
राजगीर बिहार से हरिद्वार के बीच तीन माह से संचालित हो रही साप्ताहिक ट्रेन 03223 अप और 03224 डाउन यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेन शुरू की गई थी। करीब तीन माह से संचालित साप्ताहिक ट्रेन कभी भी समय पर नजीबाबाद स्टेशन नहीं पहुंची। शुरुआती दौर से ट्रेन करीब छह घंटे से 15 घंटे तक विलंब से संचालित हो रही है। अप दिशा की ट्रेन का राजगीर से नजीबाबाद स्टेशन पहुंचने का समय तड़के 2:02 बजे है। नजीबाबाद से हरिद्वार पहुंचकर ट्रेन का वापसी में नजीबाबाद प्रातः नौ बजे नजीबाबाद पहुंचकर राजगीर बिहार के लिए प्रस्थान करने का है।
शनिवार को तड़के 2:02 बजे पहुंचने वाली ट्रेन शाम 6:00 बजे नजीबाबाद स्टेशन पहुंची। राजगीर के लिए रवाना होने वाले यात्री सुबह से ही ट्रेन के इंतजार में नजीबाबाद स्टेशन बैठे रहे। शनिवार को ही सूबेदारगंज से देहरादून के बीच संचालित लिंक एक्सप्रेस छह घंटा विलंब से नजीबाबाद पहुंची। अमृतसर से कोलकाता के बीच संचालित सियालदाह एक्सप्रेस ढाई घंटा और जयनगर से अमृतसर से बीच संचालित सरयू-यमुना एक्सप्रेस करीब चार घंटा विलंब से नजीबाबाद स्टेशन पहुंची। स्टेशन अधीक्षक आरडी मीणा ने बताया कि कोहरे व निर्माण के चलते जगह-जगह हाॅल्ट के चलते ट्रेन देरी से आ रही है।