वातानुकूलित कोच के रेल यात्रियों को नहीं मिलेंगे कंबल
नजीबाबाद(बिजनौर)। कोरोना वायरस की संभावनाओं को रोकने के लिए रेलवे ने वातानुकूलित कोच में यात्रियों को कंबल न देने का फैसला लिया है। मुरादाबाद की प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने इस आशय का आदेश जारी किया है।
नजीबाबाद स्टेशन के सीएमआई आरके सिंह ने बताया कि समस्त ट्रेनों के वातानुकूलित कोच अटेंडेंट को तत्काल प्रभाव से यात्रियों को कंबल न देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कंबलों को रोजाना धो पाना संभव नहीं हैं। उन्होंने बताया कि यदि कोई यात्री कंबल की मांग करता है तो उसे ही कंबल उपलब्ध कराया जाएगा। सीएमआई ने बताया कि रोजाना धुलने वाली बेड शीट, तकिया कवर व वातानुकूलित कोच के यात्रियों को दी जाने वाली अन्य सामग्री पूर्व की भांति उपलब्ध कराई जाएगी।