अफजलगढ़। भतपूरी-जसपुर मार्ग स्थित बनैली नदी के क्षतिग्रस्त पुल के दोनों ओर बनवाई गई दीवार को तोड़कर वाहनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। करीब एक माह पूर्व पुल जर्जर हालत में होने तथा एप्रोच की मिट्टी खिसकने के चलते पुल पर सभी छोटे बड़े तथा भारी वाहनों पर रोक लगा दी गई थी।
एक माह पूर्व पुल से भारी वाहनों के निकलने पर रोक लगाने के लिए हाईटगेज तथा बाद में पुल के दोनों ओर दीवार बनवा दी गई थी। इससे सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पुल से रुक गया था। इस पुल से दोनों ओर के निकलने वाले वाहन अफजलगढ़ या अन्यत्र से होकर निकल रहे थे। बृहस्पतिवार को किसी ने पुल पर लोक निर्माण विभाग द्वारा वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने के लिए चिनवाई गई दीवार को तोड़ दिया। पुल पर कोई अवरोध व दीवार न होने के कारण छोटे बड़े वाहनों का संचालन शुरू हो गया है।
गौरतलब है कि करीब डेढ़ वर्ष बनैली नदी के पुल के गार्डरों में वर्टिकल क्रैक आ गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से तीन बार हाईटगेज लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी। लेकिन तीनों बार हाईटगेज तोड़कर भारी वाहनों का संचालन शुरू कर दिया गया। इस पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने पुल के दोनों ओर दीवार बनवाकर सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी थी। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हरिशंकर वर्मा ने वाहनों के संचालन के संबंध में अनभिज्ञता जताई है। साथ ही बताया कि पुराने पुल की मरम्मत नहीं कराई जाएगी। नया पुल बनने के बाद ही उससे वाहन का संचालन कराया जाएगा।