- रेल फाटक बंद होने की वजह से शहर के बीच से निकाले जा रहे हैं भारी वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। शहर में दिनभर जाम के हालात बने रहे। सड़कों पर भारी वाहनों का बोझ रहा, भयंकर भीड़ के चलते यातायात पुलिस भी हलकान रही। दरअसलए रेलवे फाटक बंद होने की वजह से भारी वाहनों को शहर के बीच से निकाला जा रहा है।
सैंट मैरीज स्कूल के निकट चक्कर रोड स्थित रेलवे फाटक पिछले तीन दिनों से बंद है। ऐसे में चक्कर मार्ग से गुजरने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। भारी वाहनों को भी शहर के बीच से निकाला जा रहा है। ऐसे में वाहनों की संख्या में एकाएक हुई बढ़ोतरी के चलते जाम के हालात बन रहे हैं। उधर, नगीना रोड स्थित फाटक के भी बीच बीच में बंद होने के कारण वाहनों की लंबी कतार दिन में कई बार लगी। जाम में फंसकर लोग हलकान हो गए। मुख्य चौराहों पर भी यातायात सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। उधर, जाम के चलते यातायात व्यवस्था चरमरा गई। लोगों को जाम में फंसकर दिक्कतों का सामना करना पड़ा।