बिजनौर के भागूवाला/मंडावली में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक किशोर सहित दो लोगों की मौत हो गई। मंडावली थाने के गांव सबलगढ़ मंढैयो निवासी मो.यामीन तथा क्षेत्र के कई लोग गंगा क्षेत्र में पलेज लगाने का काम करते हैं। ट्रैक्टर से पलेज लगाकर कुछ लोग वापस गांव की ओर आ रहे थे।
मंगलवार की दोपहर अचानक ट्रैक्टर पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गया। ट्रैक्टर में दबकर मो. यामीन के 14 वर्षीय पुत्र फुरकान तथा जसपुर निवासी 25 वर्षीय सुरेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक साहनपुर निवासी महताब, राजपाल आदि के मामूली चोटें आईं।
सबलगढ़ मंढैयो के बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए तथा फुरकान का शव गांव ले आए। बताया जाता है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह गड्ढा रेत-बजरी खनन माफिया द्वारा खोदा गया था।
गड्ढे में पानी भर गया था, जिससे ट्रैक्टर चालक को उसके गहरे होने का अंदाजा नहीं लग सका। दो लोगों की मौत के बावजूद किसी ने भी मंडावली थाने को सूचना नहीं दी।
घटना के लगभग तीन-चार घंटे बाद मीडिया से जानकारी मिलने पर मंडावली थानाध्यक्ष सतीश यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना क्षेत्र उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा से जुड़ा होने के कारण काफी देर तक सीमा को लेकर असमंजस की स्थिति रही।
किशोर की मौत से कोहराम नगीना के बढ़ापुर क्षेत्र के गांव मकंदपुर में एक परिवार में युवक की शादी की तैयारियां चल रही थी। लोग मंगलवार को जाने वाली बारात में शामिल होने के लिए तैयारियां कर रहे थे।
पलक झपकते ही दूल्हे के छोटे भाई की सड़क हादसे में मौत की सूचना मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गई। किशोर का शव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा।
थाना बढ़ापुर क्षेत्र के गांव मकंदपुर निवासी स्व. जयप्रकाश का बेटा अक्षय (14) गांव के ही अनिकेत (18) के साथ बाइक से गांव गोपीवाला जा रहा था। गांव के पास ही बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई। बाइक चला रहे अक्षय का सिर पुलिया से जा टकराया।
हादसे में अक्षय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिकेत घायल हो गया। घायल अनिकेत को नगीना सीएचसी ले जाया गया। सूचना पर परिजन अक्षय का शव लेकर गांव पहुंच गए।
घायल युवक अनिकेत के पिता प्रीतम सिंह ने बताया कि मृतक के बड़े भाई कलवा की बारात मंगलवार की शाम को नगीना क्षेत्र के गांव बिंजाहेड़ी जानी हैं। किशोर की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। परिजनों में कोहराम मचा है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।