कालागढ़ में नदी के किनारे भी उड़ेगा हॉल एयर बैलून। फाइल फोटो
बिजनौर। पर्यटन क्षेत्र में बिजनौर नए आयाम गढ़ रहा है। पर्यटक अब कालागढ़ में पैरासेलिंग और हॉट एयर बैलून का भी आंनद ले सकेंगे। जी हां, बुधवार से इसकी शुरूआत हो रही है। इसको लेकर क्षेत्र के लोग काफी उत्साहित हैं।
कालागढ़ क्षेत्र में पहले रामगंगा नदी में राफ्टिंग की शुरुआत की गई। अब पैरासेलिंग और हॉट एयर बैलून की शुरुआत हो रही है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। जिले में जिला प्रशासन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। 14 अगस्त को शुरू होने वाले पैरासेलिंग और हॉट एयर बैलून के लिए फीस तय कर दी गई है। बच्चों और बड़ों को एक किलोमीटर पैरासेलिंग कराई जाएगी। इसके लिए उन्हें 500 रुपये प्रति व्यक्ति देने होंगे। वहीं हॉट एयर बैलून हवा में 10 मिनट रहेगा। बैलून को 70 से 120 फीट ऊंचाई तक उड़ाया जाएगा। इसके लिए बच्चों के लिए 300 और बड़ों के लिए 500 रुपये फीस तय की गई है। पैरासेलिंग और हॉट एयर बैलून उड़ाने का कार्य एक्सप्लोर इंडियन एडवेंचर कंपनी कर रही है। कंपनी के मालिक शुभम तोमर और अंतरराष्ट्रीय माउंटेनियर ज्ञान नंदनी ने बताया कि यहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गतिविधि शुरू की जा रही हैं। यह गतिविधि पर्यटकों को भी लुभाएंगी।