बिजनौर, धामपुर। भाकियू टिकैत गुट के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को किसानों के विभिन्न समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की मांग को लेकर निगम के अधिकारियों का घेराव कर प्रदर्शन किया। चेताया कि किसानों का उत्पीड़न करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। बिजली के बिलों को सरकार ने माफ कर दिया है। तो ऐसे में अधिकारी केवाईसी करने से बचें। वह किसी भी दशा में नलकूपों पर मीटर नहीं लगने देंगे।
कार्यकर्ताओं की सोमवार को मासिक पंचायत विद्युत निगम के एसई कार्यालय परिसर में हुई। कार्यकर्ताओं ने विद्युत वितरण खंड प्रथम और द्वितीय के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार पटेल और धीरेंद्र प्रताप सिंह को पंचायत में बुलाया। करीब दो घंटे तक घेराव कर प्रदर्शन किया। स्योहारा ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह टिकैत ने कहा कि अधिकारियों के द्वारा किसानों की समस्याओं का निदान कराने में रुचि नहीं ली जा रही है।
उन्होंने नियमानुसार किसानों का 15 दिन के भीतर निजी नलकूप का कनेक्शन चालू कराने, अनाप-शनाप बिजली के बिलों की ठीक करने, रसीद कटाने के बाद तत्काल चेक मीटर लगवाने, लाइन शिफ्टिंग के नाम पर हो रही वसूली पर रोक लगाने, बगैर सहमति के विद्युत अधिभार बढ़ाने, जर्जर तारों को बदलवाने की मांग की।
तहसील अध्यक्ष कविराज सिंह ने ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न का प्रयास हुआ तो अधिकारियों को कार्यालयों में नहीं बैठने दिया जाएगा। पंचायत में जिला सचिव हरिराज सिंह जाट, रामकुमार सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष अशोक चौहान, मुनेश अहलावत, सरदार मुख्तार सिंह, महेंद्र सिंह, राम अवतार आदि रहे। उधर, दोनों अधिकारियों ने किसानों को उनकी जायज समस्याओं को प्राथमिकता से निदान कराने का भरोसा दिया।