आज मुजफ्फरनगर कूच करेंगे रालोद कार्यकर्ता
बिजनौर। रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में जिले से रालोद कार्यकर्ता व सर्वसमाज के लोग मुजफ्फरनगर कूच करेंगे। रालोद ने इसके लिए पूरी ताकत झोंक रखी है। भाकियू अंबावता ने भी मुजफ्फरनगर में होने वाली महापंचायत को समर्थन देने का एलान किया है। भाकियू जिलाध्यक्ष राहुल सिंह ने अपने समर्थकों के साथ गांव बागड़पुर, हुसैनपुर, मलेशिया, रुस्तमपुर, ढाकी चक में बैठक की। उन्होंने कहा कि जयंत चौधरी हाथरस में पीड़ित परिवार को केवल सांत्वना देने जा रहे थे। उन्होंने किसी तरह की कोई गलत बयानबाजी भी नहीं की थी। इसके बावजूद उन पर व समर्थकों पर लाठीचार्ज किया गया। कहा कि प्रदेश में किसान और पीड़ितों की आवाज को उठाना गुनाह हो गया है। वहीं, भाकियू अंबावता जिलाध्यक्ष विजय सिंह सहरावत ने मुजफ्फरनगर की महापंचायत को समर्थन देने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि वे भी किसानों के साथ मुजफ्फरनगर कूच करेंगे।