बिजनौर में आज रेल रोकेंगे जिले के किसान
बिजनौर। कृषि कानूनों को वापस कराने व गन्ना मूल्य न बढ़ाए जाने के विरोध में भाकियू की ओर से आज बृहस्पतिवार को भाकियू की ओर से बागड़पुर व मौजमपुर में रेलवे ट्रैक जाम करने का एलान किया है। दोपहर 12 से चार बजे तक जाम रहेगा। किसान इस बीच किसी भी ट्रेन को निकलने नहीं देंगे।
कृषि कानूनों के विरोध में जिले के किसान भी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। गन्ना मूल्य तीसरे साल भी न बढ़ाए जाने से किसानों में रोष और बढ़ गया है। इन सभी मांगों को देखते हुए भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने 18 फरवरी को रेल यातायात जाम करने का एलान किया था। भाकियू ने जिले में रेलवे ट्रैक रोकने के लिए स्थल निर्धारित कर दिए हैं। मौजमपुर गजरौला रेलवे ट्रैक पर चांदपुर के पास गांव बागड़पुर व किरतपुर के गांव मौजमपुर के पास रेलवे ट्रैक जाम किया जाएगा। 12 से चार बजे तक रेलवे ट्रैक जाम रहेगा।
भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह का कहना है कि किसान शुरू से ही कृषि कानूनों के खिलाफ हैं। अब सरकार ने लगातार तीसरे साल गन्ना मूल्य न बढ़ाकर किसान को सड़क पर आने के लिए विवश कर दिया है। उनका कहना है कि दोनों चयनित स्थानों पर बड़ी संख्या में किसान एकत्र होंगे।
भाकियू ने किया आईटी सेल का गठन
बिजनौर। किसान आंदोलन के खिलाफ चल रहे दुष्प्रचार को कम करने के लिए भाकियू ने आईटी सेल का भी गठन कर दिया है। इसके अलावा कुटुंब एप से ऑनलाइन भी किसानों का पंजीकरण करके संगठन का सदस्य बनाया जा रहा है। कुटुंब एप की कमान जिले में अंकित चौधरी ने संभाली है। युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने बताया कि हालांकि संगठन के पास कोई वॉर रूम नहीं है, लेकिन आईटी सेल के दस सदस्य 24 घंटे काम कर रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन के नाम से ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम, स्नैपचेट, यू ट्यूब व कुटुंब एप पर एकाउंट बनाए गए हैं। संगठन की छवि बिगाड़ने वालों पर पूरी नजर रखी जा रही है।