आज अग्रिम कोरोना योद्धाओं को लगेगी दूसरी डोज
बिजनौर। जनपद में 15 फरवरी को अग्रिम पंक्ति के 110 कोरोना योद्धा स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी डोज लगाई जाएगी। इसके अलावा पूर्व में टीकाकरण कराने से छूटे करीब 4400 अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को पहली खुराक से प्रतिरक्षित किया जाएगा।
शासन के निर्देश पर सोमवार को जिले में नौवीं बार कोरोना रोधी टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिला अस्पताल सहित जनपद के कुल 28 केंद्रों पर 39 बूथ बनाए गए हैं। इन पर लगभग 4510 स्वास्थ्यकर्मी प्रतिरक्षित होंगे। इनमें से ऐसे 110 स्वास्थ्य कर्मियों टीका लगाया जाएगा, जिन्हें 28 दिन पूर्व 16 जनवरी को पहला टीका लगा था। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी अशोक कुमार के अनुसार सोमवार को करीब 4400 ऐसे स्वास्थ्यकर्मियों को डोज लगेंगी, जो किसी कारणवश पूर्व में चलाए गए आठ बार में छूट गए थे। इसके अलावा 110 कर्मचारियों को दूसरी बार डोज से प्रतिरक्षित किया जाएगा। इस बार भी हर बूथ पर 125 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि जो स्वास्थ्यकर्मी सोमवार को भी छूट जाएंगे, इन्हें 19 फरवरी को फिर से एक और मौका मिलेगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं से अपना टीकाकरण कराने की अपील की है। सोमवार को केवल कोविशील्ड वैक्सीन ही लगाई जाएगी। इस दौरान कोवैक्सीन का प्रयोग नहीं किया जाएगा।