हाइडिल कॉलोनी के पास दिखा बाघ
कालागढ़। कालागढ़ की हाइडिल कॉलोनी के पीछे बाघ के नजर आने से लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा है।
कालागढ़ की हाइडिल कॉलोनी के पीछे के इलाके में एक बाघ दिखाई दिया है। शनिवार रात में दिखा बाघ सुबह तक आसपास ही घूमता रहा। बाघ के नजर आने से लोग डरे हुए हैं। सुबह को जब लोग मार्निंग वाक के लिए निकले तो बाघ के दर्शन हो गए। सुनील कुमार, अजय कुमार, रामवीर सिंह आदि का कहना है कि अक्सर शाम को सात बजे के बाद जंगल की ओर से बाघ के दहाड़ने की आवाज आती है। शनिवार रात में चीतलों की आवाज से शांति भंग हो गई। उधर, सुबह को हल्का अंधेरा था। ऐसे में एक बाघ हैलीपैड के निकट जंगल की ओर जाते हुए दिखाई दिया। उधर, कालागढ़ के वनक्षेत्राधिकारी राकेश कुमार भट्ट ने कहा है कि पास में ही वन विभाग के गश्ती दल तैनात है। उन्हें सतर्क कर दिया गया है। आम लोगों को भी सलाह दी जाती है कि बाघ से दूर ही रहें। गश्ती दलों को भी बाघ दिखाई दिया है। उसकी निगरानी की जा रही है। वह स्वस्थ है।