तीन हजार ने कराया ओटीएस में पंजीकरण
बिजनौर। किसानों और अन्य विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली बिल बकाया पर ब्याज में राहत देने के लिए शुरू की गई एकमुश्त समाधान योजना परवान नहीं चढ़ पा रही है। इस योजना में कम ही लोग पंजीकरण करा रहे हैं। अब योजना का लाभ लेने के लिए केवल एक सप्ताह का समय बचा है। बिजनौर सर्किल के एक लाख 80 हजार बकायादारों में से अभी तक केवल तीन हजार उपभोक्ताओं ने ही योजना में पंजीकरण कराया है।
उपभोक्ता जब समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं करते हैं तो अगले महीने से उन पर ब्याज लगने लगता है। ज्यादा बकाया होने पर ब्याज बहुत बढ़ जाता है। ब्याज बढ़ने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी उठानी पड़ती है और बकाया लगातार चढ़ने पर उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन भी काटने पड़ जाते हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को लाभ देने के लिए निगम द्वारा एकमुश्त समाधान योजना शुरू की जाती है, जो इस समय भी चल रही है। योजना में उपभोक्ताओं का शत प्रतिशत ब्याज माफ कर दिया जाता है। जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं या उनके वाद अदालत में चल रहे हैं, वे भी योजना का लाभ ले सकते हैं।
बिजनौर सर्किल में करीब चार लाख कनेक्शन हैं। इनमें से करीब एक लाख 80 हजार उपभोक्ताओं पर निगम का बकाया है और ये लोग योजना के पात्र हैं। लेकिन योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं में दिलचस्पी बहुत कम है। अब तक बिजनौर सर्किल में केवल तीन हजार उपभोक्ताओं ने ही योजना का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराया है। बाकी उपभोक्ता अपने ऊपर से ब्याज का बोझ हटाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता नंद लाल के अनुसार उपभोक्ताओं को योजना के प्रति काफी जागरूक किया जा रहा है। अब भी योजना का लाभ लिया जा सकता है।