चीन का बना मांझा बेचने पर तीन दुकानें सीज
नजीबाबाद। चीन निर्मित मांझे की बिक्री करने पर एसडीएम ने नजीबाबाद में पतंग की तीन दुकानों को सीज कर दिया। आरोप है कि तीनों दुकानदार पतंग उड़ाने वालों को चीन निर्मित मांझा उपलब्ध कराते थे। पुलिस से लगातार इनकी शिकायत की जा रही थी।
चीन निर्मित मांझे से हाल ही में अलीपुरा निवासी मोहम्मद नाजिम की गर्दन कट गई थी। जिसके बाद आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में प्रतिबंधित चीन निर्मित मांझा बेचने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की मांग की गई थी। जिसके बाद एसडीएम परमानंद झा ने बुधवार को पतंग की दुकानों पर छापा मारा। कार्रवाई करते हुए एसडीएम ने दरबाराशाह, मुगलूशाह और बसंती माता की तीन पतंग की दुकानों को सीज कर दिया। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर में कहीं भी चीन निर्मित मांझा पकड़ा जाता है तो विक्रेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।