अवैध वसूली की जांच करने पहुंची तीन सदस्य टीम
किरतपुर। राजकीय कन्या इंटर कालेज में कक्षा 6 से कक्षा 8 की छात्राओं से प्रवेश के नाम पर अवैध वसूली की गई है। एडी मुरादाबाद से की गई शिकायत पर तीन सदस्य टीम अवैध वसूली की जांच हेतु टीम कालेज पहुंची।
किरतपुर स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में प्रवेश सत्र 2021-22 में कक्षा 6, 7, व 8 में बालिकाओं ने नये प्रवेश लिया है। शासनादेश है कि कक्षा 6 से कक्षा 8 तक के छात्राओं को विद्यालय में प्रवेश लेने के लिए निशुल्क प्रवेश मिलेगा, किसी प्रकार की कोई फीस नहीं भरनी है। अभिभावक का आरोप है कि कार्यवाहक प्रधानाचार्या चंद्रवरुण ने शासनादेशों का उल्लंघन करते हुए कक्षा 6, 7 व 8 में प्रवेश लेने वाली छात्राओं के अभिभावकों से प्रवेश के नाम पर खूब वसूली की।
अभिभावकों द्वारा प्रधानाचार्या पर लगाये आरोपों की जांच करने कॉलेज पहुंची तीन सदस्य टीम ने शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए। टीम ने प्रधानाचार्या चंद्रवरुण एवं ऑफिस बाबू से लिखित में स्पष्टीकरण मांगा है। जांच टीम के सदस्य निशांत सिंह ने बताया कि एडी मुरादाबाद के निर्देशन में तीन सदस्य जांच समिति द्वारा शिकायतों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि एडमिशन के नाम पर अवैध वसूली की जांच जारी है और गोपनीयता बनी रहे। इसके लिए जांच फाइल एडी मुरादाबाद को सौंपी जाएगी। जांच टीम में निशांत के अलावा पवन कुमार एवं निर्मला रही।