किसानों ने एसडीओ को एक घंटा अपने बीच बैठाया
हल्दौर। नगर के ब्लॉक कार्यालय परिसर में आयोजित भाकियू की मासिक बैठक में संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा धामपुर तहसील में चल रहे किसानों के धरने में आगामी 12 सितंबर को महापंचायत में भारी तादाद में पहुंचने का आह्वान किया गया। इसके बाद किसान एकत्र होकर किसानों की बिजली की विभिन्न समस्याओं को लेकर हल्दौर बिजलीघर पहुंचे और धरना प्रदर्शन किया। निगम के एसडीओ को करीब एक घंटे तक अपने बीच बैठा लिया।
निगम के एसडीओ के बिजली समस्याओं का शीघ्र समाधान कराएं जाने का आश्वासन मिलने पर धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। नगर के ब्लॉक कार्यालय परिसर में शुक्रवार को भारतीय किसान टिकैत की मासिक बैठक ब्लॉक अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह की अगुवाई में हुई। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष ने किसानों के बिलाई चीनी मिल द्वारा बकाया गन्ना भुगतान शीघ्र दिलाए जाने, क्षेत्र में फैल रही पशुओं में लंपी स्किन बीमारी का पशु चिकित्सकों द्वारा टीकाकरण कराने, फुंके ट्रांसफार्मर शीघ्र बदलवाने, नलकूपों पर हो रही चोरी पर अंकुश लगाने, निराश्रित पशुओं को पकड़वाकर क्षेत्र के वनों पहुंचाने, गन्ना पेराई सत्र अक्टूबर माह में चालू कराने, किसान आंदोलन में दर्ज मुकदमे शीघ्र वापस कराने व धामपुर तहसील में चल रहे धरने में आगामी 12 अक्तूबर को महापंचायत में भारी तादाद में शामिल होने समेत आदि मुद्दों पर चर्चा हुई।
इसके बाद आक्रोशित किसान हल्दौर बिजलीघर पहुंचे और किसानों की बिजली समस्याओं से निजात दिलाने को लेकर धरना प्रदर्शन किया। संगठन के प्रदेश महासचिव ठाकुर राम अवतार सिंह का कहना है कि किसान को सिंचाई करने के लिए अपने चक पर पहुंचते ही विद्युत आपूर्ति बंद हो जाती है। जिससे किसानों को सिंचाई के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में केवल तीन से चार घंटे विद्युत सप्लाई मिल रही है मौके पर पहुंचे निगम के एसडीओ अभय कुमार को किसानों ने धरने पर करीब एक घंटे तक अपने बीच बैठा लिया। निगम के एसडीओ द्वारा किसानों की बिजली समस्याओं से शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन मिलने पर कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। बैठक की अध्यक्षता रामपाल सिंह व संचालन टीकम सिंह ने किया। बैठक में सुखबीर सिंह, अरुण कुमार, गजेंद्र सिंह, पीतम सिंह लांबा, कुलदीप सिंह, राजेंद्र सिंह, जसराम सिंह, धर्मेंद्र राणा, लाल सिंह आदि मौजूद रहे।