रेहड़। कार और टिपलर की भिड़ंत में टिपलर में बैठे तीन मजदूर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
मंगलवार सुबह बिलाल, सुलेमान एवं मकसूद निवासी कासमपुर गढ़ी ट्रैक्टर-टिपलर में बैठकर मजदूरी के लिए केहरीपुर जंगल जा रहे थे। जब वे बादीगढ़ चौराहा पहुंचे, तभी पीछे से आ रही अर्टिगा कार टिपलर से टकरा गई। कार सवार शोएब ने बताया कि कार में फरदीन, आदिल, रिजवान, फिआन एवं शोएब सभी निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली, अफजलगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। रास्ते की सही जानकारी नहीं होने से वह अफजलगढ़ के अंदर न जाकर राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधे बादीगढ़ चले आए। चालक को नींद की झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे टिपलर से टकरा गई। हादसे में टिपलर सवार तीनों मजदूर घायल हो गए और कार क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सक ने घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन तीनों को बेहतर उपचार के लिए काशीपुर निजी अस्पताल ले गए। सीओ आकांक्षा गौतम ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।