धामपुर। शनिवार तड़के करीब तीन बजे मालगाड़ी की चपेट में आने से तीन गोवंश की मौत हो गई जबकि छह से ज्यादा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रशासन उनका उपचार करा रहा है। हादसा धामपुर रेलवे स्टेशन के निकट जैतरा रेलवे फाटक के पास हुआ।
रेल अधिकारियों ने बताया कि सहारनपुर से एक मालगाड़ी मुरादाबाद की ओर जा रही थी। जैतरा रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर पशुओं का झुंड घूम रहा था। मालगाड़ी ने कई गोवंशों को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पशुओं के खून से लाल हो गया। गोवंशों के अवशेष घटना स्थल से करीब 100 मीटर दूर तक जाकर गिरे। शनिवार को रेलवे ट्रैक पर दिनभर कुत्ते मंडराते रहे।
वहीं, हादसे के बाद काफी देर तक मृत पशुओं के अवशेषों को घटनास्थल से उठाने के लिए पालिका और पंचायत राज विभाग के अधिकारियों में सीमा विवाद बना रहा। फिर काफी देर के बाद पालिका के ईओ रवि कुमार शुक्ला के आदेश पर पालिका कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पशुओं के अवशेषों को वहां से हटवाया। बीडीओ सुरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि रेलवे ट्रैक नगर पालिका सीमा में आता है।