नहटौर। पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट की आंखों में मिर्च झोंककर लूट करने के मास्टर माइंड सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है। बीते शुक्रवार की रात इस घटना में शामिल तीन बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर चुकी है।
13 अगस्त को एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत गौरव कुमार पुत्र मदनपाल निवासी मोहल्ला पटवारियान मंडावर गांवों से रुपयों का कलेक्शन करके लौट रहा था। रास्ते में ग्राम ताहरपुर सैद उर्फ तरकौला के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसकी आंखों में मिर्च झोंककर बैग छीन लिया था।
शुक्रवार की रात मुठभेड़ के बाद जुनैद निवासी पपसरा, दानिश निवासी मोहल्ला सराय रजब अली तथा शिवम निवासी मोहल्ला जोशियान को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में उन्होंने शहबाज अहमद निवासी मोहल्ला तीरग्रान द्वारा योजना बनाने तथा मोहम्मद सुहैल निवासी ग्राम तकरौला व एक बाल अपचारी द्वारा रैकी करने की बात बताई थी। पुलिस ने शनिवार को तीनों को गिरफ्तार कर लिया।