-बाइक लुटेरों से पुलिस की मुठभेड़, तीन गिरफ्तार
नजीबाबाद। बाइक लूटकर भाग रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने लूट की बाइक सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बाल अपचारी शामिल है।
गांव अलावलपुर नैनू निवासी जिले सिंह से बदमाशों ने सोमवार शाम बाइक और मोबाइल लूट लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग की। थाना प्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में एसआई रामवीर शर्मा, मो. कयूम ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।
महावतपुर डैम क्षेत्र में समीपुर नहर पटरी पर बाइक सवारों को रोकने पर वह बाइक छोड़कर जंगल क्षेत्र में भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायर किया। जवाबी फायर में पैर में गोली लगने से रम्पुरा निवासी आयान घायल हो गया। वहीं हर्सवाड़ा निवासी शादान और एक बाल अपचारी से पुलिस ने लूटी गई बाइक, मोबाइल, दो तमंचे, जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं चौथे साथी हमजा की पुलिस को तलाश है।