बिजली कटौती पर जेई को जान से मारने की धमकी
मंडावर। बिजली कटौती बढ़ने से जनता में रोष है। अब फोन पर विद्युत निगम के जेई को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। जेई ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र में अंधाधुंध बिजली कटौती की जा रही है। जिससे लोग परेशान हैं। निगम कर्मचारी कभी लोड बढ़ने से फाल्ट होने तो कभी ऊपर से बिजली भागने की बात कहते हैं। बिजलीघर के जेई जाहिद इकबाल ने थाने में दी तहरीर में बताया कि दो जुलाई को उनके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने उन्हें बिजली जल्दी देने को कहा। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में बताया कि सोमवार को बिजली घर के एक लाइनमैन पर फोन आया था। फोन करने वाले ने कहा कि जेई द्वारा बिजली कटौती की जा रही है। फोन करने वाले ने कहा कि लाइनमैन बिजली घर से हट जाएं तो वे जेई को सबक सीखा देंगे। जेई ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। जिन नंबरों से धमकी मिली वे भी पुलिस को दे दिए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि जांच करके मामले में कार्रवाई की जाएगी।