आग में जलकर हजारों का सामान जला
मंडावर। गैस चूल्हे पर खाना बनाते हुए अचानक गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली। आग लगने पर चूल्हे पर खाना बना रही युवती ने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। आग की चपेट में आकर घर में रखा सामान जल गया तथा पशुशाला में बंधे पांच पशु झुलस गए। युवती के परिजनों एवं ग्रामीणों ने पानी डालकर मुश्किल से आग पर काबू पाया।
बृहस्पतिवार रात थाना क्षेत्र के गांव बादशाहपुर निवासी हिमानी पुत्री नोबहार सिंह घर के आंगन में गैस चूल्हे पर खाना पका रही थी। युवती ने बताया कि खाना बनाते हुए अचानक गैस सिलेंडर से गैस लीक होने लगी। कुछ ही देर में गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग लगते देख युवती ने शोर मचा दिया और वहां से भाग खड़ी हुई। आग की चपेट में आकर आंगन में रखा सामान, चारपाई, कपड़े तथा वहां खड़ी बाइक जल गई। आग पशुशाला तक पहुंच गई। पशुशाला में बंधे पांच पशु भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। युवती का शोर सुनते ही उसके परिजन और पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों और ग्रामीण ने बाल्टियों से पानी डालकर मुश्किल से आग पर काबू पाया लेकिन तब तक घर में रखा काफी सामान जल चुका था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गांववालों से हादसे की जानकारी ली। नोबहार सिंह ने बताया कि आग में जलकर उसका हजारों रुपये का सामान जल गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से आग में हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है।