सोचा था बेटा अच्छा इंसान बनेगा : सुभाष
नगीना। आतंक का पर्याय बने अश्वनी उर्फ जॉनी का पिता सुभाष अपने बेटे की मौत पर रात भर सिसकियां भरकर रोता रहा। वह कहता रहा कि उसने बेटे को उच्च शिक्षा दिलाई थी, ताकि वह एक अच्छा इंसान बन सके। सुभाष ने नगीना सीएचसी पर बताया कि उसने धामपुर की एक समिति के कार्यालय में वर्षों तक नौकरी कर बच्चों को पढ़ाया है। जॉनी ने एमकॉम तक शिक्षा ग्रहण की। जॉनी ने कई डिप्लोमा भी कर रखे थे। लेकिन वह गलत लोगों की संगत में प़ड़ गया और उसके हालात बिगड़ते चले गए। सुभाष ने भाजपा नेता भीम सिंह पर आरोप लगाया कि यह सब कुछ उसी का करा धरा है। उसने कहा कि मेरा बेटा इतना कमजोर नहीं था कि वह खुदकुशी कर लेता। इसके लिए बस के चालक, परिचालक तथा बस में बैठी सवारी से पूरी घटना की जानकारी लेंगे क्योंकि सभी सवारी बढ़ापुर की ही रहने वाली है। घटना की सच्चाई तभी पता चलेगी।