- पानीपत-खटीमा राजमार्ग के हालात से परेशान है लोग
- पानी में फंस रहे वाहन, ट्रैक्टर वाले कर रहे वसूली
संवाद न्यूज एजेंसी
कोतवाली देहात। पानीपत खटीमा राजमार्ग पर विनायक कॉलेज के निकट बान का तेज बहाव सोमवार को भी जारी रहा। राजमार्ग के अधूरे निर्माण के बीच सड़क पर बह रहे बान नदी के पानी में कई वाहन फंसकर बंद हो गए, जिन्हें ट्रैक्टर से खिंचवाना पड़ा। इस दौरान बुग्गी तथा ट्रैक्टर चालकों की मौज रही। सवारियों को पार उतारने के जमकर पैसे वसूले गए।
पानीपत खटीमा राजमार्ग पर विनायक कॉलेज के निकट बान नदी का पानी लगभग तीन फीट तक सड़क पर बह रहा है। पानी का बहाव तो तेज नहीं है, लेकिन गहरे पानी में लगातार वाहन फंसकर बंद होते रहे। सोमवार दोपहर को बिजनौर डिपो की एक बस पानी में फंसकर बंद हो गई। इसके बाद बस को ट्रैक्टर से खिंचवाना पड़ा। विनायक कॉलेज के आसपास पूरा दिन भारी भीड़ जमा रही। सवारियों को पार उतारने के लिए दर्जन भर से अधिक बुग्गियां तथा आधा दर्जन ट्रैक्टर इधर से उधर दौड़ते रहे।
- बुग्गी तथा ट्रैक्टर चालकों ने पार लगाए वाहन
नदी के दोनों और बुग्गी और ट्रैक्टर चालकों की भीड़ रही। इसके लिए शुल्क निर्धारित किया गया है। पैदल सवारी के लिए 10 रुपए ,मोटरसाइकिल के लिए 50 रुपए तथा पानी में वाहन फंसने पर उसे निकालने के 200 रुपए लिए गए। दर्जनों वाहन नदी में फंसे रहे।
पानी कम होने पर चालू होगा पुल का निर्माण
पानीपत खटीमा राजमार्ग का निर्माण कर रही कार्यदाई संस्था के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने पानी की निकासी के लिए एक अतिरिक्त पाइप लगाया था लेकिन नदी में पानी ज्यादा आने के कारण पानी सड़क पर फैल गया है। पानी कम होने पर काम शुरू कराया जाएगा।महेश्वरी जट के अंडर पास पर छत डाली जा चुकी है। अब बान नदी के पुल पर ही कार्य शुरू होगा। विनायक कॉलेज के आसपास नदी के पानी से हुई कीचड़ को मंगलवार को साफ कराया जाएगा।