दूधिया हत्याकांड का तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार
हल्दौर। गांव खतापुर में स्थित देवतास्थल के समीप हुई दूधिया की हत्या में शामिल फरार चल रहे तीसरे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त तमंचा और उसके पास से कारतूस भी बरामद किया गया है।
26 जून सुबह गांव खतापुर निवासी दूधिया राजवीर सिंह उर्फ बरम की गांव मुकरपुर गदई की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित देवता के निकट उसके सिर में गोली मारकर हत्या कर उसका मोबाइल व पर्स लेकर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस के अनुसार मृतक राजवीर का थाना हीमपुर दीपा के एक गांव निवासी युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी के चलते उसकी हत्या कर दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने पुलिस टीम के साथ बाल किशनपुर चौराहे के पास से करीब चार दिन पूर्व अनमोल व हिमांशु उर्फ छोटे को पकड़कर उनका चालान कर दिया था। पुलिस ने उनके पास से एक 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस, एक सोने का लॉकेट व मृतक का पर्स भी बरामद करने का दावा भी किया।
पुलिस ने गांव पैजनिया चौराहे के निकट से शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे इस हत्याकांड में शामिल फरार तीसरे आरोपी विशेष कुमार उर्फ वीशू को भी हत्या में प्रयुक्त तमंचे और एक कारतूस के साथ पकड़ा है। पुलिस मृतक का मोबाइल तलाशने की जुगत में लगी है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल तीसरे आरोपी को भी पकड़कर उसका चालान कर दिया गया है।