- मृतका के पुत्र व पुत्रवधू को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। फिरोजा हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी नदीम को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया। इस मामले में मृतका के पुत्र व पुत्रवधू को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
नगीना देहात थाना क्षेत्र के ग्राम अजूपुरा रानी में बृहस्पतिवार की रात्रि एक बुजुर्ग 60 वर्षीय महिला फिरोजा की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस को घर के कमरे में बुजुर्ग महिला फिरोजा मृत अवस्था में मिली थी। मौके पर मिले मृतका के पुत्र दानिश ने पुलिस का ध्यान बदलने के लिए बताया था कि वह अपनी पत्नी को दवाई दिलवाने नजीबाबाद गया था तथा घर आने पर मां फिरोजा मृत अवस्था में मिली थी।
घटना के बाद मृतका की पुत्री अंजुम ने अपनी भाभी उजमा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। थाना अध्यक्ष हमवीर सिंह का कहना है कि घटना के खुलासे में यह बात सामने आई है कि जमीन की खातिर दानिश ने ही अपनी पत्नी उजमा व साले नदीम के साथ मिलकर अपनी मां की हत्या की है। पुलिस मृतका के पुत्र व पुत्रवधू को पहले ही गिरफ्तार कर उसका चालान कर चुकी है। अब पुलिस ने इस हत्याकांड के तीसरे आरोपी नदीम को भी गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया। थाना अध्यक्ष का कहना है कि पूछताछ में नदीम ने बताया है कि उसने मृतका के हाथ पैर पकड़े थे, जबकि दानिश ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर फिरोजा की हत्या की थी।