घर से डेढ़ लाख का माल चुरा ले गए चोर
अफजलगढ़। गांव आलमपुर गांवडी में शनिवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए सोने चांदी के जेवरों सहित करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। दो अन्य घरों से ट्रैक्टर के दो बैटरे चोरी कर लिए। घरों में जाग हो जाने पर चोर भाग निकले। ग्रामीणों ने पुलिस से चोरों का पता लगाने की मांग की है।
पीड़ित संतोष कुमार ने बताया कि शनिवार रात वह गर्मी के चलते परिवार सहित घर के आंगन में सोये हुए थे। जब सवेरे उसकी पत्नी रूपा घर की साफ सफाई करने के लिए उठी तो कमरे का दरवाजा खुला था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी व अलमारी का लॉकर टूटा पड़ा था। अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब देखे तो उसके होश उड़ गए। गांव में चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही सनसनी फैल गई। इसी मोहल्ले के विजयपाल सिंह व योगेंद्र सिंह ने बताया कि उनके घर में खड़े ट्रैक्टरों से दो बैटरे भी चोरी हो गए। चोरों ने बबलू के घर से भी चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन जाग हो जाने पर चोर भाग निकले। इसके दो दिन पूर्व भी गांव के जितेंद्र कुमार के घर से चारा काटने की मशीन चोरी हो चुकी है। कोतवाल राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि तहरीर मिलने पर चोरी का खुलासा किया जाएगा।