राजा का ताजपुर। थाना नूरपुर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय मुजाहिदपुर में मंगलवार रात घुसे चोरों ने तीन कमरों के ताले तोड़कर एक एलईडी, स्टेबलाइजर और छत का पंखा चोरी कर लिया। चोरों ने कार्यालय में अलमारी के ताले भी तोड़े अभिलेखों को भी इधर-उधर बिखेर दिया। बुधवार सुबह विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों को चोरी की जानकारी हुई। मुख्य अध्यापक शहीद अहमद ने बताया कि रसोई का ताला व सामान सुरक्षित है। सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान हितेंद्र कुमार ने पुलिस को सूचना दी। एसआई रवि कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। मुख्य अध्यापक शहीद अहमद ने लिखित तहरीर दी। ग्राम पंचायत प्रशासक हितेंद्र कुमार ने बताया कि उनके पांच वर्ष के कार्यकाल में इस विद्यालय में यह तीसरी चोरी की घटना है। पिछली चोरियों का भी अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। सीओ चांदपुर देशदीपक ने कहा कि विद्यालय में चोरी की तहरीर मिल गई है। प्राथमिकी दर्ज कराकर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।