वार्ड परिसीमन पर खूब आई आपत्तियां
बिजनौर। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के वार्ड परिसीमन को लेकर खूब आपत्तियां आई हैं। मंगलवार आपत्तियों के दर्ज करने का आखिरी दिन था। डीएम रमाकांत पांडेय की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय समिति बुधवार से आपत्तियों का निस्तारण करेगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में वार्ड परिसीमन महत्वपूर्ण होता है। नेता प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा जिला पंचायत सदस्य का या तो स्वयं चुनाव लड़ते हैं या अपने रिश्तेदारों को चुनाव लड़ाते हैं। दावेदार वार्ड परिसीमन की प्रक्रिया शुरू होने से ही सक्रिय हैं। हर कोई अपने पक्ष वाले वोटर के वार्ड को अपने क्षेत्र में शामिल कराने की कोशिशों में लगा हुआ है। दावेदार एक एक वोट पर निगाह रखे हैं।
दस जनवरी को वार्ड परिसीमन का प्रकाशन हुआ था। 11 जनवरी तथा 12 जनवरी आपत्ति दर्ज करने को तय थी। आपत्ति जिला पंचायत कार्यालय, जिला पंचायतराज दफ्तर तथा ब्लॉक में दर्ज कराई जा सकती थी। पहले दिन कोई आपत्ति नहीं आई थी। सहायक जिला पंचायतराज अधिकारी संदीप अग्रवाल ने बताया की डीपीआरओ दफ्तर में एक दर्जन से अधिक आपत्तियां आई हैं। अन्य दफ्तरों से आपत्ति आ रही हैं।
बताया कि आपत्तियों के निस्तारण के लिए डीएम रमाकांत पांडेय की अध्यक्षता में कमेटी गठित है। सीडीओ केपी सिंह, डीपीआरओ सतीश कुमार तथा अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत समिति के सदस्य हैं। आपत्तियों का निस्तारण 13 जनवरी तथा 14 जनवरी को होगा। कहा 15 जनवरी को वार्ड सूची का अंतिम प्रकाशन हो जाएगा। प्रकाशन 16 जनवरी तक चलेगा।