अलाव जलाने को लेकर दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे, चार घायल
स्योहारा (बिजनौर)। अलाव जलाने को लेकर हुए दो पक्षों के विवाद में जमकर लाठी-डंडे चले। विवाद में दोनों पक्षों के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय सीएचसी पर भर्ती कराया गया। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग की।
थानाक्षेत्र के ग्राम लंबाखेड़ा निवासी मुन्ने पुत्र इमामुद्दीन, नाजिम पुत्र उस्मान सोमवार की सुबह गांव में सड़क पर ठंड से निजात पाने के लिए अलाव जलाकर ताप रहे थे, तभी वहां पर भोला पुत्र खुर्शीद पहुंच गया और उसने उन लोगों को वहां पर अलाव जलाने को मना किया, जिसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने बड़ा रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में हुए विवाद में एक पक्ष के मुन्ने पुत्र इमामुद्दीन, नाजिम पुत्र उस्मान व दूसरे पक्ष के इकराम पुत्र खुर्शीद व नासिर पुत्र जाकिर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय सीएससी पर भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बिजनौर रेफर कर दिया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरुद्ध थाने में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। थाना प्रभारी राजीव चौधरी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद