गजरौलाशिव में बिजनौर वॉल ऑफ सेनिटेशन का जादू अब गांवों में भी छाने लगा है। बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और सामाजिक संदेश देने के लिए प्राथमिक विद्यालय के स्कूलों में भी अध्यापक पेटिंग बनाने लगे हैं।
डीएम बी चंद्रकला और सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बिजनौर में प्रदर्शनी चौक से विकास भवन तक का मार्ग स्वच्छता पथ घोषित किया गया है। शुक्रवार को गांव गजरौला अचपल के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में अनुदेशक वंदना चौहान ने स्वच्छता संदेश देने वाली पेंटिंग बनाई। अभी स्कूल की बाउंड्री के अंदर पेंटिंग बनाने की शुरूआत की गई है। स्कूल स्टाफ आपस में सहयोग कर बाहर की दीवारों पर भी पेंटिंग बनाएगा। वंदना चौहान के अनुसार डीएम द्वारा पूरे जिले को स्वच्छता संदेश दिया जा रहा है। बच्चों को स्वच्छता और अन्य सामाजिक अच्छाइयों के बारे में बताएंगे तभी वो जागरूक होंगे। प्रधानाध्यापिका ऋचा विश्रोई और अनुराधा गुप्ता के अनुसार पेंटिंग बनाने में गांव वालों का भी सहयोग लिया जाएगा। सहायक अध्यापिका रीता देवी, चित्रा चौहान आदि भी मौजूद रहीं। ग्राम प्रधान मुकेश कुमार ने बताया कि वे स्वच्छता अभियान में पूरा सहयोग करेंगे। उधर, किसान इंटर कॉलेज मंडावली में भी छात्राओं ने शिक्षिकाओं के साथ मिलकर स्वच्छता का संदेश देती पेंटिंग बनाई। छात्राओं ने गांव वालों से खुले में शौच न करनेेका आह्वान किया। प्रधानाचार्य सुनीति त्यागी ने कहा कि स्वच्छता ही बीमारियों से बचने का तरीका है।