बिजनौर में मीट की गाड़ी को लेकर हंगामा करते भाजपा व हिंदू संगठन के पदाधिकारी। संवाद
बिजनौर। सहारनपुर में मीट लेकर बिजनौर आ रही तीन गाड़ियों को हिंदू संगठन और भाजपा पदाधिकरियों ने बैराज मार्ग पर रोक लिया। उन्होंने संरक्षित पशु का मीट भरा होने का आरोप लगाते हुए जमकर किया। मौके पर पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए घेराव किया। टीम ने नमूना लेकर एक गाड़ी के मीट को नष्ट कराया, जबकि दो गाड़ियों को निकालने का आरोप लगाया।
शनिवार की सुबह मीट लेकर बिजनौर आ रही तीन गाड़ियों की सूचना पर भाजपा और हिंदू संगठनों के पदाधिकारी बैराज मार्ग पर एकत्र हो गए। इन्होंने तीनों गाड़ियों को रोककर घेर लिया। हंगामा हुआ तो खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। आक्रोशित पदाधिकारियों ने गाड़ियों में संरक्षित पशु का मीट होने का दावा किया।
जिन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग पर मीट कारोबारियों से मिलीभगत का आरोप लगाया। इस दौरान तीखी नोकझोंक होने के साथ हंगामा हुआ। आक्रोश बढ़ता देख टीम ने मीट का नमूना लिया, वहीं एक गाड़ी के मीट को नष्ट कराया गया। मीट नष्ट कराने के बाद खाली गाड़ी को सीज कर दिया गया। जिसे थाने में खड़ा कराया गया है। उधर लोगों का आरोप था कि दो अन्य गाड़ियों को खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने वहां से निकाल दिया।
इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष अंकुर गौतम, सभासद राजवीर सिंह, दीपक गर्ग मोनू, महेंद्र चौधरी, नीरज विश्नोई, शेखर चौधरी, अरुण अग्रवाल, राजीव सिंह आदि मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुपम यादव ने बताया कि नियमानुसार कार्रवाई की गई है। सभी आरोप निराधार हैं।